पति और दो बच्चों को छोड़ प्रेमी संग चली गई महिला, पति को दी ‘नीले ड्रम’ जैसे अंजाम की धमकी
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला ने अपने पति और दो मासूम बच्चों को छोड़ प्रेमी के साथ जाने का फैसला किया है। महिला ने सात साल पहले प्रेम विवाह किया था और दो बच्चों की मां भी बनी। लेकिन हाल ही में उसके प्रेम-प्रसंग का खुलासा हुआ, जिससे पूरे परिवार की ज़िंदगी बिखर गई।
मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रहने वाले संजय जांगड़े (26), जो SECL की आउटसोर्सिंग कंपनी में ड्राइवर हैं, ने 2017 में रुखसाना बानो (24) से लव मैरिज की थी। शुरूआत में सबकुछ ठीक था, लेकिन कुछ समय से रुखसाना का व्यवहार बदल गया था। संजय को शक हुआ, तो उसने पत्नी की कॉल डिटेल निकलवाई। वहां से सामने आया कि रुखसाना का सूरज महतो नामक युवक से अफेयर चल रहा है।
संजय ने जब पत्नी से बात की, तो वह धमकियों पर उतर आई। उसने कहा कि अगर उसे प्रेमी के साथ जाने से रोका गया, तो संजय का हाल “नीले ड्रम” वाले चर्चित केस जैसा कर देगी। यहां तक कि बच्चों को भी जान से मारने की धमकी दी।
रुखसाना 6 जून की शाम खुद प्रेमी सूरज महतो के साथ मानिकपुर पुलिस चौकी पहुंची और वहां उसने पति व बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ जाने की सहमति दी। पति संजय ने इससे पहले पत्नी की गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी।
सबसे दुखद पहलू यह है कि रुखसाना अपने 6 साल के बेटे और 4 साल की बेटी को भी छोड़ गई, जो अब मां के बिना रो-रोकर बेहाल हैं। संजय ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “कभी भी लव मैरिज मत करना, ये सिर्फ दर्द देता है।”
मानिकपुर चौकी प्रभारी अमर जायसवाल ने पुष्टि की कि महिला अपने प्रेमी के साथ जाने को लेकर स्वयं चौकी पहुंची थी और आपसी सहमति से चली गई है।
