कानपुर में भीषण गर्मी का कहर, लू से बेहाल लोग और जानवर

कानपुर में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि सुबह से ही आसमान से आग बरस रही है और गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। दोपहर तक शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।

गर्मी का असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं बल्कि जानवरों पर भी दिखाई दे रहा है। कानपुर प्राणी उद्यान में बाघों और अन्य जानवरों को राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बाघों को पानी से नहलाया जा रहा है, जबकि बाड़ों में कूलिंग सिस्टम और अतिरिक्त पानी की व्यवस्था की गई है। भीषण गर्मी के कारण बाघ घंटों पानी में ही बैठे नजर आए।

सीएसए वेदर स्टेशन के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में मामूली 0.5 डिग्री की गिरावट जरूर हुई, लेकिन लोगों को राहत नहीं मिली।

भीषण गर्मी के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। धूप और लू से बचने के लिए लोग चेहरे को गमछे और कपड़ों से ढककर निकलते दिखाई दिए। शहर में ठंडे पेय पदार्थों और छांव वाले स्थानों पर भीड़ बढ़ गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 24 घंटे में भीषण लू जारी रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं तापमान को और बढ़ा सकती हैं, जिससे पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।