शिक्षक का दुर्व्यवहार,11 वर्षीय बच्चे को 18 घंटे स्कूल के शौचालय में रखा बंद…
उत्तर प्रदेश, 16अगस्त 2022: औरैया (उत्तर प्रदेश) के एक दलित शख्स का आरोप है कि छठी में पढ़ रहे उसके 11 वर्षीय बेटे को एक शिक्षक ने करीब 18 घंटे सरकारी स्कूल के शौचालय में बंद रखा। अगले दिन (6 अगस्त) सुबह स्कूल पहुंचे शिक्षकों ने दरवाजा खोला तो बच्चा बाहर निकला। घर पहुंचकर बच्चे ने परिजनों को आपबीती सुनाई। मामला पुलिस तक पहुंचा। मामले में शिकायत मिलने के बाद रविवार को आरोपी शिक्षक विजय कुशवाहा को हिरासत में लिया गया है।
मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) विपिन कुमार ने बताया, “बच्चे को शौचालय में बंद नहीं किया गया। वह मानसिक रूप से कमजोर है। वह शौचालय में गया था और वहीं रह गया। अध्यापक विद्यालय बंद करके चले गए। इस वजह से उसे परेशानी हुई। पिता ने बताया, “बेटे ने कहा कि शिक्षक की आदत ठीक नहीं है। वह स्कूल में सभी दलित बच्चों के साथ गलत व्यवहार करते हैं।
