स्वामी विवेकानंद ने जीवन भर युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
रायपुर, 24 जुलाई 2022 : मुख्यमंत्री ने आज रायपुर के कोटा स्थित विवेकानंद विद्यापीठ में आयोजित ’विवेकानंद राष्ट्रीय युवा सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि स्वामी विवेकानंद के अमेरिका में तीन और भारत में 12 स्मारक हैं। रायपुर में बनने वाला स्मारक स्वामी विवेकानंद का 16वां स्मारक होगा। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित रामकृष्ण मिशन और विवेकानंद विद्यापीठ के पदाधिकारियों, सम्मेलन के अतिथियों से रायपुर में स्थापित होने वाले स्मारक के स्वरूप के संबंध में सुझाव देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने इसके पहले स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें नमन किया और आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण आश्रम, राजकोट के अध्यक्ष स्वामी निखिलेश्वरानंद ने की। संसदीय सचिव विकास उपाध्याय कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विवेकानंद विद्यापीठ, रायपुर द्वारा संस्कृति विभाग के सहयोग से सम्मेलन का आयोजन किया गया। विवेकानंद विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने राज्यगीत और देशभक्ति पूर्ण गीत की संगीतमय प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का कहना था कि पश्चिम के विज्ञान को हमें स्वीकार करना होगा और भारत के अध्यात्म को पश्चिम को स्वीकार करना होगा तभी मानवता आगे बढ़ेगी। आजकल राजनीति करने वाले धर्म की बात कर रहे हैं और धार्मिक गुरु चुप बैठे हुए हैं। हम हिंदू हैं, हमें इस बात पर गर्व है लेकिन किसी और धर्म का अपमान करें यह उचित नहीं है। धर्म कभी घृणा की बात नहीं कर सकता। साधु संत के दो काम हैं, जगत का कल्याण और आत्म उन्नति यदि आपके मन में घृणा है तो आप साधु नहीं।
स्वामी निखिलेश्वरानंद ने अध्यक्षीय आसंदी से स्वामी विवेकानंद के कथन को दोहराते हुए युवाओं से कहा कि भारत को प्रेम करें और उठो जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रूको। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युग दृष्टा थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में स्थापित होने वाले स्मारक के लिए हर संभव सहयोग देने की बात कही। विवेकानंद विद्यापीठ के सचिव डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद विद्यापीठ के पदाधिकारी और सम्मेलन में शामिल हो रहे अतिथि और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
