सूडा के निर्देश बेअसर: शास्त्री बाज़ार में धड़ल्ले से चल रहा सिंगल यूज़ प्लास्टिक, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल
रायपुर।
राज्य शहरी अभिकरण (सूडा) द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर सख्त प्रतिबंध के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद राजधानी रायपुर के शास्त्री बाज़ार क्षेत्र में खुलेआम नियमों की धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं। बाजार में आज भी बेखौफ सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग और बिक्री जारी है। फल-सब्ज़ी सहित रोजमर्रा की खरीदारी प्लास्टिक थैलियों में ही कराई जा रही है।
केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध को लेकर समय-समय पर निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन आदेशों के बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। न केवल शास्त्री बाज़ार, बल्कि शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इन नियमों का पालन होता दिखाई नहीं देता।

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि रायपुर नगर निगम द्वारा न तो दुकानदारों पर कोई प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और न ही नियमित निरीक्षण या जांच की कोई ठोस व्यवस्था नजर आ रही है। इस निष्क्रियता के चलते प्रतिबंध केवल कागज़ों तक सीमित रह गया है।
विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों का मानना है कि इस लापरवाही से न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँच रहा है, बल्कि शासन के आदेशों की खुलेआम अवहेलना भी हो रही है। स्वयंसेवी संगठनों ने नगर निगम से मांग की है कि शास्त्री बाज़ार सहित पूरे शहर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर सख्ती से प्रतिबंध लागू किया जाए और नियम तोड़ने वालों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई हो।
संगठनों का यह भी कहना है कि जब तक सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उत्पादन और आपूर्ति करने वालों पर सीधी कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है।
