ब्राम्हणपारा वार्ड में 2 साल पुरानी पानी समस्या का समाधान, नई पाइपलाइन बिछाने का काम जारी
रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा ब्राम्हणपारा वार्ड क्रमांक 43 में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान के लिए कार्य तेज कर दिया गया है। लगातार दो वर्षों से जल संकट झेल रहे क्षेत्र में अब नई पाइपलाइन डालकर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाया जा रहा है।
जोन 4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्य के तहत जोन क्रमांक 5 स्थित ईदगाहभाठा पानी टंकी से इंटर कनेक्शन लिया जा रहा है। इसके लिए ईदगाहभाठा से सारथी चौक तक मुख्य सड़क की खुदाई कर नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
वर्तमान में सड़क के बीच हिस्से में खुदाई कर दोनों ओर की पाइपलाइनों को जोड़ने का कार्य जारी है। यह काम 29 मार्च 2026 को ठेकेदार को कार्यादेश मिलने के बाद शुरू किया गया।
नगर निगम के अनुसार, यह इंटर कनेक्शन कार्य 25 अप्रैल 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद सड़क मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होगी और यातायात में आ रही असुविधा भी जल्द समाप्त होगी।
नगर निगम ने आम नागरिकों से कार्य के दौरान सहयोग करने की अपील की है, ताकि काम समय पर पूरा हो सके और क्षेत्र को जल्द राहत मिल सके।
