रायपुर सूटकेस मर्डर कांड: प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश में पति-पत्नी गिरफ्तार, दिल्ली से लाकर पुलिस ने की पूछताछ शुरू
रायपुर, 25 जून 2025।
राजधानी रायपुर को झकझोर देने वाले सूटकेस मर्डर कांड में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतक किशोर पैकरा की हत्या के आरोप में पुलिस ने पति-पत्नी अंकित उपाध्याय और शिवानी शर्मा को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश का प्रतीत हो रहा है। आरोपी जोड़ा रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया के सवालों से बचता और चेहरा छिपाते नजर आया।
हत्या से पहले इंस्टाग्राम पोस्ट, लिखा “दुनिया मेरी आंखों से देखो”
गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले महिला आरोपी शिवानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया – “कोई सवाल नहीं, कोई जवाब नहीं… दुनिया मेरी आंखों से देखो।” पुलिस इसे हत्या से जोड़कर देख रही है।

प्रॉपर्टी विवाद बना हत्या की वजह?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वकील अंकित उपाध्याय की मृतक किशोर से जान-पहचान प्रॉपर्टी लेन-देन के सिलसिले में हुई थी। किशोर की मां और एक बहन की मौत हो चुकी थी तथा दूसरी बहन दुर्ग में रहती है। वह हांडीपारा स्थित पुश्तैनी मकान में अकेला रहता था। यही देखते हुए अंकित ने उसकी देखभाल शुरू की, जिससे मोहल्ले में वह भरोसेमंद बन गया।

शिवानी की सोशल मीडिया में सक्रियता और पृष्ठभूमि
शिवानी ने वर्ष 2020 में कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी और बाद में वकालत शुरू की। दोनों की दोस्ती लव मैरिज में बदल गई। सोशल मीडिया पर वह एक्टिव रहती थी और रील्स बनाने की शौकीन थी। शादी की तस्वीरें और वीडियो भी उसने साझा किए थे।

हत्या की क्रूरता: सूटकेस में शव, सीमेंट प्लास्टर से छुपाई सड़न
23 जून को रायपुरा के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेज-2 में एक पेटी में बंद युवक की सड़ी हुई लाश मिली। शव सूटकेस के भीतर था और ऊपर सीमेंट का मोटा प्लास्टर किया गया था ताकि दुर्गंध न फैले। मगर जैसे-जैसे गंध फैली, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने इंद्रप्रस्थ में किराए का फ्लैट लिया था और CCTV में 9:50 बजे भारी पेटी ले जाते हुए दिखे थे। दिल्ली में इनकी लोकेशन ट्रेस होने के बाद रायपुर पुलिस ने टीम भेजकर उन्हें गिरफ्तार किया और एयरफ्लाइट से रायपुर लाया।

आगे की कार्रवाई
रायपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। मर्डर के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्य मिलने के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा।
