रायपुर नगर निगम को बड़ी सौगात: जलभराव दूर करने उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए ₹10 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी के निर्देश
रायपुर (UPI24 News)। राजधानी रायपुर में मानसून के दौरान जलभराव और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे के नेतृत्व में भाजपा पार्षद दल, एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों और एल्डरमैनों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की।
महापौर मीनल चौबे के विशेष अनुरोध पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर शहर में नाली निर्माण और अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने पर सहमति जताते हुए तत्काल प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।
इन प्रमुख वार्डों में होंगे नाली व विकास कार्य
बैठक के दौरान लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि से शहर के प्रमुख वार्डों में तत्काल कार्य शुरू करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने पर सहमति बनी:
-
स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड (क्र. 44): अम्बा मंदिर एवं गद्दा लाइन के पास नाली निर्माण।
-
भक्त माता कर्मा वार्ड (क्र. 67): कराके बार से कुशालपुर चौक तक नाली निर्माण।
-
शहीद पंकज विक्रम वार्ड (क्र. 58): देवी लक्ष्मी हॉस्पिटल के पास नाली निर्माण।
-
पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड (क्र. 9): श्मशान घाट में शेड निर्माण।
-
रानी दुर्गावती वार्ड (क्र. 49): श्रीराम मंदिर के पास नाला निर्माण कार्य।
पार्षदों ने रखी समस्याएं, उपमुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
बैठक में पार्षदों ने शहर और अपने-अपने वार्डों की अन्य प्रमुख समस्याओं पर विचार साझा किए:
-
सफाई व्यवस्था की समीक्षा: पार्षद आशु चंद्रवंशी ने सफाई व्यवस्था के केंद्रीयकरण से पहले विस्तृत समीक्षा करने का सुझाव दिया।
-
जोनों के अधिकार: जोन अध्यक्षों (अंबर अग्रवाल, मुरली शर्मा, गज्जू साहू और श्वेता विश्वकर्मा) ने जोनों के अधिकारों में कटौती का मुद्दा उठाया।
-
पेजल व्यवस्था: जल विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू ने शहर के लिए अतिरिक्त फिल्टर प्लांट और नई पानी टंकी की स्वीकृति पर उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी जनप्रतिनिधियों की मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए विभागीय स्तर पर सकारात्मक निर्णय लेने का पूर्ण आश्वासन दिया।
