रायपुर फैक्ट्री हादसा: 2 मैनेजर समेत 6 कर्मचारियों की मौत, GM घायल

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री के मेंटनेंस कार्य के दौरान अचानक गर्म लोहा गिरने से भयंकर हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 2 मैनेजर समेत 6 कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई, वहीं 6 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे में फैक्ट्री के जनरल मैनेजर (GM) भी घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में मेंटनेंस का काम चल रहा था। इसी दौरान ऊपर से गर्म लोहा और भारी संरचना गिर गई, जिसकी चपेट में कई मजदूर और अफसर आ गए। तेज धमाके के साथ फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक व घायल
मृतकों में फैक्ट्री के दो मैनेजर भी शामिल हैं। घायल मजदूरों में उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के श्रमिक शामिल हैं। सभी मजदूर झुलसने और चोट लगने से पीड़ित हैं।
जांच और कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने जांच के आदेश जारी किए हैं। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और घायलों के बेहतर इलाज की बात कही गई है। वहीं, श्रमिक संगठनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
श्रमिकों में आक्रोश
हादसे की खबर मिलते ही फैक्ट्री में काम करने वाले अन्य मजदूरों में गुस्सा और आक्रोश फैल गया। उनका कहना है कि प्रबंधन द्वारा सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी प्रोटोकॉल की अनदेखी की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ।