दसवीं कक्षा की छात्रा को होटल में ले जाकर बनाया अश्लील विडियो, फिर ब्लैकमेल कर किया दुष्कर्म…
हरियाणा, 26 जुलाई 2022 : हरियाणा के पलवल से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आ रही है, जहाँ दसवीं कक्षा की छात्रा को होटल में ले जाकर छेड़छाड़ कर गंदी विडियो बनाने और ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने पीडित छात्रा की शिकायत पर एक नामजद सहित 3 के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
महिला थाना प्रभारी रेनु देवी ने बताया कि, नाबालिग छात्रा ने बयान में कहा है कि वह दसवीं कक्षा में पढती है। घर से स्कूल आते-जाते समय 6-7 माह से श्रीकेश नाम का एक युवक उसका पीछा करता और उसके साथ छेड़छाड़ करता था। आरोपी उसे एक दिन बहला-फुसला कर ओयो होटल में ले गया। होटल में उसे खाना खिलाया और अपने 2 दोस्तों को फोन कर वहां बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी गंदी विडियो बना ली। इसके बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने भय के चलते यह बात किसी को नहीं बताई। पीड़िता का आरोप है कि उसके बाद आरोपी उसे अपने एक दोस्त के घर लेकर गया। दोस्त के घर ले जाकर उसे विडियो दिखाई और डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने विरोध किया तो उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद पीड़िता अपने घर आ गई और चुप-चाप रहने लगी।
पीड़िता की मां ने पहले उसके मोबाइल को चैक किया और फिर उससे पूछताछ की। जिसके बाद इस मामले का ख़ुलासा हुआ है। पीड़िता अपनी शिकायत लेकर महिला थाने पहुंची। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर श्रीकेश व उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।