मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा पर त्वरित अमल…, ‘खैरागढ़-छुईखदान-गंडई’ जिले की अधिसूचना जारी…

रायपुर, 19 अप्रैल 2022 : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 31 मार्च को खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव का घोषणापत्र जारी कर नए जिले का वादा किया था। 16 अप्रैल को कांग्रेस की जीत के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला गठन की घोषणा की। दो दिन बाद राजपत्र में इसकी अधिसूचना का प्रकाशन भी हो गया। छत्तीसगढ़ सरकार ने सोमवार देर शाम राजनांदगांव जिले का विभाजन कर ‘खैरागढ़-छुईखदान-गंडई’ जिला बनाने की प्रारंभिक अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित करा दी है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव जनक प्रसाद पाठक ने सोमवार को राज्यपाल की ओर से अधिसूचना का प्रकाशन हुआ है। इसमें कहा गया है, राजनांदगांव जिले के उपखण्ड खैरागढ़ एवं छुईखदान तथा तहसील खैरागढ़, गंडई और छुईखदान को मिलाकर नए जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का सृजन होगा। इस नए जिले के उत्तर में कबीरधाम जिला, दक्षिण में राजनांदगांव की डोंगरगढ़ तहसील, पूर्व में बेमेतरा जिले की साजा और दुर्ग जिले की धमधा तहसील आएगी।

वहीं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की पश्चिमी सीमा पर मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की लांजी तहसील होगी। इस अधिसूचना के प्रकाशन के साथ ही आपत्तियां या सुझाव भी मंगाए गए हैं। यह आपत्तियां और सुझाव लिखित रूप में सचिव छत्तीसगढ़ शासन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर को 60 दिनों के भीतर भेजने होंगे। राजपत्र में प्रकाशन के 60 दिनों की समाप्ति के बाद प्रस्ताव पर विचार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *