22 महीने बाद खुला हत्या का राज: महिला के नाखून से मिला DNA, पति और बेटा गिरफ्तार

रायपुर। उरकुला खमतराई थाना क्षेत्र में 22 महीने पुरानी हत्या के मामले का राज आखिरकार खुल गया है। महिला के नाखून में फंसी चमड़ी के DNA टेस्ट से हत्यारे पति और बेटे का राजफाश हुआ। दोनों ने घरेलू विवाद के बाद महिला की गला दबाकर हत्या की थी और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया था।

मामला क्या है?

29 जनवरी 2024 को कान्ति साहू (44) निवासी उरकुरा को मृत हालत में अंबेडकर अस्पताल लाया गया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने महिला के शरीर पर 13 चोटों के निशान मिलने के साथ स्पष्ट किया था कि मौत गला दबाकर की गई है।

पति डोमार सिंह साहू और बेटा धरमराज साहू ने पुलिस को बताया था कि महिला ने फांसी लगाई है। हालांकि, उनके बार-बार बदलते बयानों और विरोधाभासी तथ्यों ने पुलिस को शक में डाल दिया। जांच के दौरान पुलिस ने महिला का विसरा और नाखूनों से सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए भेजा।

DNA रिपोर्ट ने खोला राज

लंबे इंतजार के बाद आई DNA रिपोर्ट में नाखून में मिले सैंपल पति और बेटे से मैच हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों से कड़ी पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

कबूलनामा

दोनों आरोपियों ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते उन्होंने महिला की गला दबाकर हत्या की थी। पकड़े जाने के डर से उन्होंने शव को फंदे पर लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

गिरफ्तार आरोपी

  • डोमार सिंह साहू (51 वर्ष), पिता – बिसौहा राम साहू, निवासी – जागृति नगर, उरकुरा, थाना खमतराई, रायपुर।

  • धरमराज साहू (25 वर्ष), पिता – डोमार साहू, निवासी – जागृति नगर, उरकुरा, थाना खमतराई, रायपुर।

पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

You may have missed