जादू-टोने के शक में हत्या और गैंगरेप… 12 साल बाद आरोपी मुंबई से गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में वर्ष 2013 में एक महिला की हत्या और उसकी बेटी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 12 साल से फरार चल रहे आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह आरोपी घटना के समय नाबालिग था और फरारी के दौरान बालिग हो चुका है।

इस जघन्य वारदात में कुल नौ आरोपी शामिल थे। अब तक सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, एक की मौत हो चुकी है, जबकि अंतिम आरोपी — जो सालों से पुलिस से बचता फिर रहा था — अब मुंबई के बोरीवली इलाके से पकड़ा गया है।

क्या था पूरा मामला

1 सितंबर 2013 की रात जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र में यह भयावह घटना हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां के साथ घर में अकेली थी, तभी रात करीब 11:30 बजे कुछ अज्ञात लोग जबरन घर में घुसे, बिजली बंद कर दी और दोनों को घर से बाहर खींच ले गए। लगभग 150 मीटर दूर ले जाकर उसकी मां की गला रेतकर हत्या कर दी गई और पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

पुलिस ने कुनकुरी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जादू-टोने के शक में रची गई साजिश

जांच में सामने आया कि गांव का ही निवासी रामलाल विश्वकर्मा महिला पर जादू-टोने का शक करता था। उसे लगता था कि उसकी भाभी, भाई और पत्नी की बीमारी के पीछे महिला का हाथ है। इसी गलतफहमी के चलते उसने अपने दोस्त सतीश विश्वकर्मा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

रामलाल ने इस काम को अंजाम देने के लिए झारखंड के खालीजोर गांव के गुंजन खेस को 80 हजार रुपए दिए। गुंजन ने अपने साथियों अनुरंजन लकड़ा, प्रफुल्ल लकड़ा, सुमन खेस, असीम खेस, नेल्सन खेस और एक नाबालिग को साथ जोड़ा और मिलकर इस भयावह वारदात को अंजाम दिया।

अब तक की कार्रवाई

घटना के कुछ समय बाद ही पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दो आरोपी — नेल्सन खेस और एक नाबालिग — फरार थे। बाद में जांच में सामने आया कि नेल्सन खेस की 2015 में मौत हो चुकी है।

मुंबई से हुई गिरफ्तारी

अब 12 साल बाद जशपुर पुलिस ने इस केस के आखिरी बचे फरार आरोपी को मुंबई के कासीगांव थाना क्षेत्र, बोरीवली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वहाँ जे कुमार कंस्ट्रक्शन कंपनी में मजदूरी का काम कर रहा था। जशपुर पुलिस की विशेष टीम ने मुंबई पुलिस की सहायता से उसे पकड़ा और वापस जशपुर लाया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed