बिलासपुर में मौलाना पर गर्भवती पत्नी को एसिड पिलाकर मारने का आरोप, शव यूपी में दफनाने के बाद खुला मामला
बिलासपुर। बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मौलाना ने अपनी गर्भवती पत्नी को एसिड पिलाकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया, फिर शव को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित अपने पैतृक गांव ले जाकर दफना दिया। घटना 12 जुलाई की बताई जा रही है।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर 26 जुलाई को कब्र से शव निकालकर पोस्टमॉर्टम किया गया। मेडिकल जांच में यह पुष्टि हुई कि महिला के साथ पहले मारपीट की गई और फिर एसिड पिलाया गया, जिससे उसकी मौत हुई।
पोस्टमॉर्टम में एसिड से जलने और चार जगहों पर चोट के निशान मिले
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चार जगहों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिनमें एक गहरी चोट छाती के ऊपरी हिस्से में भी शामिल है। जांच टीम में शामिल डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि महिला के मुंह के भीतर एसिड से जलने के स्पष्ट संकेत पाए गए हैं।
डॉक्टरों की टीम में एमओ डॉ. फारूख अहमद, डॉ. अजय कुमार, और एलएमओ डॉ. अंजू सिंह शामिल थीं। रिपोर्ट के अनुसार, महिला के दाहिने कंधे, भुजा और हाथ पर गहरे जख्म थे। मौत के असली कारणों की पुष्टि के लिए बिसरा सैंपल को सुरक्षित रखा गया है।
अस्पताल ने मानसिक बीमारी को बताया था कारण, अब हत्या की पुष्टि
इससे पहले, यूनिटी अस्पताल प्रबंधन ने महिला की मौत का कारण मानसिक बीमारी बताया था, लेकिन दोबारा जांच में मामला पूरी तरह बदल गया।
परिजनों ने हत्या के पीछे दूसरी महिला को जिम्मेदार ठहराया
मृतका के भाई रागीब ने मौलाना पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि वह किसी दूसरी महिला के संपर्क में था, और इसी वजह से पत्नी को रास्ते से हटाया गया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और मौलाना की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्टर से शिकायत की है।
पुलिस जांच जारी, हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन हत्या के पीछे की मंशा अभी तक सामने नहीं आई है। परिवार और समाज में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
