ब्लैक थीम में लौट आई मैग्नाइट! निसान ने लॉन्च किया नया कुरो एडिशन, शुरुआती कीमत ₹8.30 लाख

निसान मोटर इंडिया ने 6 अगस्त को अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV मैग्नाइट का स्पेशल कुरो एडिशन भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। यह एडिशन पहले प्री-फेसलिफ्ट मॉडल में बंद कर दिया गया था, लेकिन अब इसे फिर से अपडेट करके पेश किया गया है। मिड-स्पेक N-कनेक्टा वैरिएंट पर बेस्ड इस एडिशन में ओवरऑल ऑल-ब्लैक थीम दी गई है। ONYX ब्लैक कलर के साथ इसमें पियानो ब्लैक ग्रिल, 16-इंच ब्लैक डायमंड कट अलॉय व्हील्स, ब्लैक रूफ रेल्स, ORVMs और हेडलैंप सराउंड जैसे फीचर्स हैं। साथ ही कंपनी ने नई लाइनअप में एक नया मेटैलिक ग्रे कलर ऑप्शन भी जोड़ा है।

इंटीरियर की बात करें तो केबिन में भी ब्लैक थीम ही देखने को मिलती है—ब्लैक डैशबोर्ड, पियानो ब्लैक स्टीयरिंग और गियर शिफ्ट इन्सर्ट्स, ब्लैक सीट्स और कुरो-थीम वाले फ्लोर मैट्स शामिल हैं। फीचर्स में 8-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस Apple CarPlay/Android Auto, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जर, रियर AC वेंट्स, ऑटो-डिमिंग IRVM और 6 एयरबैग जैसे 40+ सेफ्टी और कम्फर्ट फीचर्स दिए गए हैं। बुकिंग सिर्फ ₹11,000 के टोकन अमाउंट से शुरू हो गई है।

परफॉर्मेंस की बात करें तो मैग्नाइट में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है। यह पहले की तरह 1.0L नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल (72PS/96Nm) और 1.0L टर्बो पेट्रोल इंजन (100PS) के साथ आती है। नैचुरल इंजन में अब CNG किट का विकल्प भी जोड़ा गया है, जिसकी कीमत ₹70,000 अतिरिक्त है। माइलेज की बात करें तो नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन MT में 17.9 kmpl और AMT में 19.7 kmpl का ARAI माइलेज देता है, जबकि टर्बो पेट्रोल इंजन हाईवे पर 18+ kmpl तक का माइलेज देता है। CNG वैरिएंट में 19.6 km/kg का माइलेज मिलेगा।

₹8.30 लाख की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत वाली यह SUV, रेनो काइगर, मारुति ब्रेजा, टाटा नेक्सॉन, किआ सोनेट, हुंडई वेन्यू, महिंद्रा XUV 3XO जैसी गाड़ियों को टक्कर देती है, और साथ ही मारुति फ्रॉन्क्स और टोयोटा टाइगर जैसी क्रॉसओवर को भी चुनौती देती है। स्टाइल और वैल्यू के मामले में निसान मैग्नाइट कुरो एडिशन एक स्मार्ट और यूनिक चॉइस बनकर सामने आई है