झालावाड़: स्कूल भवन का हिस्सा गिरने से 7 बच्चों की मौत, कई घायल — जांच के आदेश, PM मोदी ने जताया दुख
राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहरथाना ब्लॉक स्थित पीपलोदी सरकारी स्कूल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल की एक कक्षा की छत बारिश के बीच भरभराकर गिर गई, जिससे 7 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई और 28 से अधिक छात्र घायल हो गए।
7वीं कक्षा के बच्चे दबे मलबे में, सुबह 8 बजे हुआ हादसा
घटना सुबह करीब 8 बजे की है जब 7वीं कक्षा के 35 बच्चे एक कमरे में पढ़ाई कर रहे थे। अचानक बारिश के बीच स्कूल की जर्जर छत ढह गई और सभी बच्चे मलबे में दब गए। ग्रामीणों और शिक्षकों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया और बच्चों को निकाला गया।
5 की मौके पर ही मौत, एक और ने अस्पताल में तोड़ा दम
मनोहरथाना अस्पताल के डॉक्टर कौशल लोढ़ा ने बताया कि कुल 35 बच्चों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 5 की मौत पहले ही हो चुकी थी। हालत गंभीर होने पर 11 बच्चों को झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में एक और बच्चे ने दम तोड़ दिया। अभी भी कुछ बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मासूमों के शव देख फूटा परिजनों का दर्द, अस्पताल में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता रोते हुए अपने घायल बच्चों को गोद में लेकर दौड़ते नजर आए। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

PM मोदी और CM भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और कहा कि घायलों की हर संभव मदद की जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर करीब 1:30 बजे घटनास्थल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की।
शिक्षा मंत्री बोले: हजारों स्कूल बिल्डिंग जर्जर, 200 करोड़ का प्रस्ताव
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि प्रदेश में हजारों स्कूल बिल्डिंग जर्जर हालत में हैं। उन्हें दुरुस्त करने के लिए करीब 200 करोड़ रुपए का कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता घायल बच्चों के इलाज को दी जा रही है।

कलेक्टर का विवादित बयान: “आपको ज्यादा जानकारी है”
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने पत्रकारों के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हादसे के बारे में आप लोगों के पास मुझसे ज्यादा जानकारी है।” उन्होंने बताया कि सभी बच्चों को बाहर निकाल लिया गया है और जांच के आदेश दिए गए हैं।
घायलों की सूची और मृतकों की पहचान
मृतक बच्चों में शामिल हैं:
-
पायल (14) पुत्री लक्ष्मण
-
प्रियंका (14) पुत्री मांगीलाल
-
कार्तिक (8) पुत्र हरकचंद
-
हरीश (8) पुत्र बाबूलाल
-
कान्हा पुत्र छोटूलाल
-
कुंदन (12) पुत्र वीरम
-
एक बच्चे की पहचान अभी नहीं हुई

झालावाड़ रेफर किए गए गंभीर घायल:
-
मिनी (13) पुत्री छोटूलाल
-
वीरम (8) पुत्र तेजमल
-
मिथुन (11) पुत्र मुकेश
-
आरती (9) पुत्री हरकचंद
-
विशाल (9) पुत्र जगदीश
-
अनुराधा (7) पुत्री लक्ष्मण
-
राजू (10) पुत्र दीवान
-
शाहीना (8) पुत्री जगदीश

जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई की बात
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि स्कूल की बिल्डिंग की स्थिति की जानकारी रिकॉर्ड में नहीं थी। अब हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
