रायपुर में तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को 4 KM तक घसीटा, मौके पर ही मौत

रायपुर – शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक तेज रफ्तार कार ने 65 वर्षीय बुजुर्ग रमेशरू राम साहू को टक्कर मारी और उन्हें करीब 4 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

यह हादसा खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। घटना के बाद रायपुर-बलौदाबाजार रोड पर कई किलोमीटर तक खून के धब्बे बिखरे नजर आए, जो हादसे की क्रूरता को बयां कर रहे हैं।

CCTV में कैद हुई बेरहमी, आरोपी हिरासत में

जानकारी के अनुसार, मृतक रमेशरू राम साहू सारागांव में नाश्ते का ठेला लगाते थे। घटना 19 जून की रात करीब साढ़े 8 बजे की है। दुकान बंद कर वे घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद रमेशरू साहू कार के नीचे फंस गए और कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।

बुजुर्ग को लगातार 4 किलोमीटर तक घसीटा गया, और अंत में जाकर कार एक पेड़ से टकराई। यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

55 साल का सतबीर चला रहा था कार

खरोरा थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि कार चला रहा आरोपी सतबीर सिंह चांवला (55) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी नशे में था या नहीं। जांच के लिए मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।