भ्रमण का असर: तड़के सुबह की कार्रवाई से हटे अतिक्रमण, लगा भारी जुर्माना

बीरगांव।

नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा द्वारा जनहित और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार किए जा रहे मॉर्निंग विजिट का प्रभाव आज स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

आज प्रातः 7:00 बजे आयुक्त श्री उर्वशा ने निगम की टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाली किनारे अवैध अतिक्रमण पाया गया, जो जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न कर रहा था।

आयुक्त के निर्देश पर मौके पर ही त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की गई। नालियों के ऊपर बने अवैध अतिक्रमण को हटाया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ दुकानदारों पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की सफाई और सुगम यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल, उप अभियंता श्री केवल साहू, उप अभियंता श्री रंजीत कृषांन, सफाई दरोगा श्री राजेश सिंह क्षत्रिय सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निगम प्रशासन की इस त्वरित कार्यवाही से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों में स्वच्छता एवं अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ी है।