स्वच्छता नवाचार की दिशा में बीरगांव का कदम: महापौर एवं आयुक्त ने इंदौर में अध्ययन भ्रमण कर सफल मॉडल का किया अवलोकन
बीरगांव नगर निगम के महापौर श्री नंदलाल देवांगन, आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, इंदौर में आयोजित अध्ययन सह भ्रमण कार्यक्रम में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ में संपूर्ण स्वच्छता को गति देने के उद्देश्य से राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा इंदौर नगर निगम में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अनुभव से प्रतिभागी अधिकारी और जनप्रतिनिधि बीरगांव नगर निगम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नवाचार एवं सतत शहरी विकास के क्षेत्र में नई दिशा और ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे। प्रदेश के सभी 14 नगर निगमों के लिए यह कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया गया है।
इंदौर के स्वच्छता मॉडल का किया अवलोकन
बीरगांव के महापौर और आयुक्त ने इंदौर के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का दौरा कर वहां की ICT आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली को समझा। इस दौरे में बीरगांव नगर निगम के कार्यपालन अभियंता श्री इमरान खान भी साथ थे |इंदौर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक बैन के सख्त क्रियान्वयन, घर-घर कचरा संग्रहण प्रणाली, शिकायत निवारण ऐप (311), जीपीएस ट्रैक्ड कचरा गाड़ियों, वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन, आरआरआर सेंटर (Reduce, Reuse, Recycle), बायोगैस प्लांट, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) और जीरो वेस्ट वार्ड जैसी पहलों का निरीक्षण किया गया।

महापौर श्री नंदलाल देवांगन और आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव से भेंट कर जनसहभागिता आधारित स्वच्छता मॉडल, शहरी वित्त में ग्रीन बॉन्ड, यूज़र चार्जेस, और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की। इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का दौरा कर तरल अपशिष्ट प्रबंधन की तकनीकों को भी समझा गया।
इस अध्ययन यात्रा से प्राप्त अनुभवों का उपयोग कर बीरगांव नगर निगम अपने शहर को और अधिक स्वच्छ, हरित एवं सतत विकासशील नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।
