बाबरी विध्वंस की बरसी और जुमे की नमाज को लेकर यूपी में हाईअलर्ट…
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में बाबरी विध्वंस की 32वीं बरसी और जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अयोध्या में राम मंदिर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां ATS कमांडो को तैनात किया गया है। यह कदम किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उठाया गया है।

इस बीच, मथुरा में शाही ईदगाह और श्री कृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस ड्रोन कैमरों के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रही है। मुरादाबाद, प्रयागराज और बरेली में भी पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है, ताकि किसी भी तरह की हिंसा या अशांति से बचा जा सके।

मथुरा में एक और विवाद सामने आया, जब अखिल भारत हिंदू महासभा की सदस्य मीरा राठौर ने विवादित स्थल के गर्भ गृह में लड्डू गोपाल की स्थापना करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग कर रोक लिया और ई-रिक्शे से थाने ले गई।
बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद से यह दिन देश में संवेदनशील माना जाता है। 6 दिसंबर, 1992 को कार सेवकों ने बाबरी मस्जिद को ढहा दिया था, जिसके बाद देशभर में तनाव फैल गया था।
