रायपुर में 1 करोड़ की ड्रग्स के साथ 9 सप्लायर गिरफ्तार, दिल्ली-पंजाब से ला रहे थे चिट्टा

रायपुर में एक युवती द्वारा ड्रग्स लेने का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो के सामने आने के बाद टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड सायबर यूनिट (ACCU) एक्शन में आई और रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 ड्रग्स सप्लायर्स को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 412 ग्राम 87 मिलीग्राम चिट्टा, 3 मोबाइल फोन और एक क्रेटा कार जब्त की है। पकड़े गए ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली और पंजाब से लाकर रायपुर में कर रहे थे सप्लाई

पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले 8 महीने से रायपुर में ड्रग सिंडिकेट चला रहा था। ये आरोपी दिल्ली और पंजाब से चिट्टा सस्ते दामों में खरीदते थे और रायपुर में अमीर युवाओं को दोगुनी कीमत पर बेचते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

  • लवजीत सिंह उर्फ बंटी

  • सुवित श्रीवास्तव

  • अश्विनी चंद्रवंशी

टीम ने कमल विहार और महावीर नगर में दबिश देकर इन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।

और भी बड़े नाम आ सकते हैं सामने

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन गिरफ्तार आरोपियों से रायपुर, दिल्ली और पंजाब के अन्य ड्रग सप्लायर्स के नामों का खुलासा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि इन सभी पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर के आईजी जल्द ही इस पूरे मामले का औपचारिक खुलासा कर सकते हैं।