आधा महाराजबंध तालाब साफ, 50 ट्रक कचरा बाहर
ग्रीन आर्मी का सफाई अभियान 20 दिन पूर्ण
रायपुर | 30 दिसंबर 2025
महाराजबंध तालाब को स्वच्छ एवं संरक्षित करने के उद्देश्य से संचालित ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के तालाब सफाई अभियान ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अभियान के 20 दिन पूर्ण हो चुके हैं और अब तक तालाब के लगभग आधे हिस्से की सफाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।
अभियान के दौरान तालाब से लगभग 50 ट्रक कचरा, प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं गाद बाहर निकाली जा चुकी है। इसके साथ ही, विसर्जन के बाद तालाब में पड़े 30 से अधिक झांकियों के अवशेष भी हटाए गए हैं, जिससे तालाब की स्थिति में निरंतर सुधार देखा जा रहा है।

ग्रीन आर्मी के सदस्य लगातार श्रमदान के माध्यम से इस ऐतिहासिक तालाब को पुनर्जीवित करने में जुटे हुए हैं। यह अभियान अब केवल सफाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि जल संरक्षण और पर्यावरण चेतना का एक सशक्त जनआंदोलन बन चुका है।
इस अवसर पर ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक श्री अमिताभ दुबे ने कहा—
“ग्रीन आर्मी का यह अभियान शहर की जलधरोहर को बचाने का संकल्प है। 20 दिनों में आधा महाराजबंध तालाब साफ होना और 50 ट्रक कचरा बाहर निकलना हमारे पर्यावरण योद्धाओं की मेहनत और जनसहयोग का प्रत्यक्ष परिणाम है। हमारा लक्ष्य केवल सफाई नहीं, बल्कि समाज में जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है, ताकि महाराजबंध तालाब हमेशा स्वच्छ और सुरक्षित बना रहे।”
ग्रीन आर्मी ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे तालाब में गंदगी न फैलाएँ, प्लास्टिक व अपशिष्ट डालने से बचें और इस अभियान से जुड़कर रायपुर की अमूल्य जलधरोहर को संरक्षित रखने में अपनी सहभागिता निभाएँ।
ग्रीन आर्मी द्वारा संचालित महाराजबंध तालाब सफाई अभियान जनसहयोग से निरंतर जारी रहेगा।
