जीएसटी कटौती से बाजार में रौनक, उपभोक्ताओं को मिल रही बड़ी राहत: सीएम विष्णुदेव साय ने रायपुर में लिया जायजा

रायपुर। जीएसटी में कटौती लागू होने से रोजमर्रा की 90% से अधिक वस्तुएं सस्ती हो गई हैं। इससे बाजारों में उत्साह का माहौल है। प्रदेशभर में भाजपा नेता सड़क पर उतरकर दुकानदारों और ग्राहकों के बीच पहुँच रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर के एमजी रोड पहुंचे।

दुकानदारों और ग्राहकों से की बातचीत

सीएम साय जयस्तंभ चौक से होते हुए शारदा चौक और गुरुनानक चौक तक निकले। उन्होंने दुकानदारों से मुलाकात की और प्रतिष्ठानों पर “बचत उत्सव” का स्टीकर चिपकाया। पंडाल पहुँचकर उन्होंने मातारानी का आशीर्वाद लिया और साइकिल, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामग्री की दुकानों पर जाकर घटे कर दरों का जायजा लिया।

दुकानदारों ने सीएम को बताया कि नए प्रावधानों से व्यापार आसान हुआ है और ग्राहकों का भरोसा भी बढ़ा है। सीएम ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती से व्यवसाय में तेजी आएगी और उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

उपभोक्ताओं और कारोबारियों की राय

  • ऋचा ठाकुर (हॉस्टल संचालक, समता कॉलोनी): “मैं हॉस्टल के लिए 5 एसी खरीदने आई थी। पहले प्रति एसी 35 हजार का था, अब 30 हजार में मिल रहा है। मुझे एक बार में ही 25,000 रुपए की बचत हुई।”

  • मोहन नेभानी (प्रोप्राइटर, एमएस ट्रेडर्स): “जीएसटी कटौती से ग्राहकी बढ़ी है। हर सामान पर 1,000 से 2,000 रुपए तक की बचत हो रही है।”

  • सुभाष अग्रवाल (डायरेक्टर, वंदना इस्पात लिमिटेड): “स्टील-कोयले पर जो सेस 400 रुपए प्रति टन लगता था, उसे खत्म कर जीएसटी में शामिल किया गया है। अब प्रति टन 600 रुपए लागत घटेगी, जिससे लोहे की कीमतें कम होंगी और ग्राहकों को लाभ मिलेगा।”

नवरात्रि और जीएसटी कटौती: उत्सव जैसा संयोग

सीएम साय ने कहा कि नवरात्रि पर्व और जीएसटी दरों में ऐतिहासिक कटौती का यह संयोग व्यापार और उपभोक्ताओं दोनों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

इस मौके पर वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू, शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, नान के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, जीएसटी रिफार्म प्रभारी ललित जैसिंघ समेत भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।