“मैक टॉर्नी 2025–26 का भव्य शुभारंभ – खेलों के संग उत्साह और ऊर्जा का संगम”

रायपुर । महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज में दिनांक 23.02.2026 से तीन दिवसीय “MAIC Tourney – Annual Sports Competition 2025–2026” के अंतर्गत वार्षिक खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह प्रातः महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के एकत्रीकरण से हुई। तत्पश्चात मैक आर्मी द्वारा मुख्य अतिथियों एवं गणमान्य अतिथियों का गरिमापूर्ण स्वागत एवं एस्कॉर्ट किया गया।
कॉलेज के चेयरमेन रमेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमेन राजेश अग्रवाल, सेक्रेटरी श्रीमती सरिता अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. जैस्मिन जोशी एवं उप-प्राचार्य डॉ. श्वेता तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई। गणमान्य अतिथियों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारों का विमोचन किया गया, जो खेल भावना, ऊर्जा एवं उत्साह का प्रतीक रहा।
छात्र-छात्राओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. जैस्मिन जोशी द्वारा स्वागत भाषण दिया गया, जिसमें उन्होंने खेलों के महत्व, अनुशासन एवं टीम भावना पर प्रकाश डाला।
चेयरमेन रमेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमेन राजेश अग्रवाल, सेक्रेटरी श्रीमती सरिता अग्रवाल अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय सहभागिता एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन के पश्चात विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ उत्साहपूर्वक प्रारंभ हुईं, जिनमें विद्यार्थियों ने जोश, अनुशासन एवं खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः बैडमिंटन प्रतियोगिता से हुई, जो स्पोर्ट्स शाला में आयोजित की गई। मैक ग्राउंड में कबड्डी तथा कॉन्फ्रेंस हॉल में शतरंज प्रतियोगिताएँ प्रारंभ हुईं।
इसके पश्चात रस्साकशी प्रतियोगिताएँ अत्यंत रोमांचक माहौल में संपन्न हुईं। रिले रेस ने प्रतियोगिता में उत्साह का संचार किया। इसके पश्चात कॉमर्स हॉल में कैरम, टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोपहर से शॉटपुट, डॉज बॉल, डिस्कस थ्रो, फुटबॉल तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिताएँ ग्राउंड में आयोजित की गईं।
सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे जोश, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया। महाविद्यालय के खेल अधिकारी, प्राध्यापकगण एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना को भी सशक्त बनाता है।
25.02.2026 को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन मैक ऑडिटोरियम में किया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You may have missed