वीर बाल दिवस पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि: छत्तीसगढ़ के पाठ्यक्रम में शामिल होगी साहिबजादों की वीरगाथा
रायपुर: वीर बाल दिवस के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के पंडरी स्थित गुरुद्वारे में दशम गुरु गुरु गोविन्द सिंह जी के वीर सपूतों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए साहिबजादों के अतुलनीय बलिदान को प्रेरणादायक बताया।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा, “गुरु गोविन्द सिंह के वीर बालकों का धर्म रक्षा के लिए बलिदान देना इतिहास में एक अद्वितीय उदाहरण है। सिक्ख समाज का मेहनती और सेवा-भावना से भरा हुआ योगदान, विशेष रूप से कोरोना महामारी के समय, अद्वितीय है। गुरुद्वारों में लंगर और सेवा की परंपरा देश के लिए अनुकरणीय है।”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साहिबजादों की वीरता को याद करते हुए घोषणा की कि उनकी वीरगाथाओं को छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी उनके बलिदान से प्रेरणा ले सके।
गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव और गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारी भूपेंद्र सवन्नी ने भी साहिबजादों की वीरता को याद करते हुए अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में सिक्ख समाज के लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने साहिबजादों की शहादत को सम्मानित करते हुए अपने धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
