छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों-नक्सलियों में मुठभेड़, जान बचाकर भागे नक्सली…
छत्तीसगढ़, 6 अगस्त 2022: आमाबेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को DRG जवान सर्चिंग पर जंगल की ओर निकले थे। थोडा आगे जाकर बरसते पानी में जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। करीब एक घंटे तक दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। फिर जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से जान बचाकर भाग निकले। फायरिंग रुकने के बाद जवानों ने सर्चिंग शुरू की तो जंगल में नक्सलियों का कैंप मिला। जवानों ने नक्सलियों का एक कैंप भी ध्वस्त किया है। फिलहाल इलाके में सर्चिंग जारी है। मुठभड़े की पुष्टि SP शलभ सिन्हा ने की है। तलाशी के दौरान कैंप से भारी मात्रा में किताबें, दवाइयां, नक्सली वर्दी, बर्तन, खाने का सामान सहित अन्य सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस को ऑपरेशन मानसून के तहत 1 महीने के अंदर ही सुकमा और दंतेवाड़ा इन दो जिलों में बड़ी कामयाबी मिली है। 15 जून से शुरू किए गए अभियान के तहत जवानों ने करीब 20 लाख रुपए के 4 नक्सलियों को ढेर किया है। इन सभी नक्सलियों पर इन दोनों जिलों के थानों में कई मामले भी दर्ज रहे हैं।
ऑपरेशन मानसून के दौरान बीजापुर जिले में सर्चिंग से लौटते समय एक जवान बरसाती नाले में बह गया था। वहीं एक नक्सली की भी उसी नाले में बहने से मौत हुई है।