तेज आंधी के बीच रायपुर से दिल्ली आ रही फ्लाइट की इमरजेंसी सिचुएशन, पायलट की सूझबूझ से बचा हादसा

रायपुर से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली में लैंडिंग से ठीक पहले मौसम बिगड़ने के कारण पायलट को फ्लाइट दोबारा हवा में उड़ानी पड़ी। दोपहर के वक्त दिल्ली-एनसीआर में आई तेज धूलभरी आंधी की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई।

फ्लाइट को एयरपोर्ट के पास काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाना पड़ा। इसके बाद जब मौसम थोड़ा सामान्य हुआ और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से क्लियरेंस मिला, तब जाकर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हो सकी।

इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6313 रविवार को दोपहर 2:58 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। इस फ्लाइट में कुल 200 यात्री और 7 क्रू मेंबर सवार थे। फ्लाइट को शाम 5:05 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन आंधी और तेज़ हवाओं के कारण इसे टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा।

लैंडिंग के दौरान पायलट ने घोषणा की कि हवा की गति लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच चुकी है, जो लैंडिंग के लिए खतरनाक है। इसलिए विमान को दोबारा हवा में ले जाकर सुरक्षित ऊँचाई पर ले जाया गया। इसके बाद विमान ने कई बार एयरपोर्ट के आस-पास चक्कर लगाए।

लगभग एक घंटे के इंतजार के बाद, जब मौसम थोड़ा बेहतर हुआ, तब शाम करीब 6 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि लैंडिंग से पहले यात्री घबराए हुए थे, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने चैन की सांस ली।

You may have missed