रायपुर: विधानसभा में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण, सीएम विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह ने लगाया रुद्राक्ष

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान आज विधानसभा परिसर हरियाली, जनभागीदारी और मातृ सम्मान के भाव से सराबोर नजर आया। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के अंतर्गत आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में सत्तापक्ष और विपक्ष के तमाम दिग्गजों ने हिस्सा लिया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री द्वय श्री विजय शर्मा व श्री अरुण साव, और संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप सहित विधानसभा के सभी सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने अभियान के लिए तैयार विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं।

पीएम मोदी का आह्वान अब बन चुका है जनआंदोलन: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अभियान के तहत परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज पूरे देश में जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है।

“यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढि़यों के प्रति उत्तरदायित्व का सशक्त प्रतीक है। जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है, तो उसके संरक्षण के लिए स्वयं प्रेरित होता है।” – श्री विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही एकमात्र उपाय

मुख्यमंत्री श्री साय ने वैश्विक पर्यावरणीय संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा और बढ़ते तापमान जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। इन परिस्थितियों में वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान छत्तीसगढ़ के गांव-गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचेगा। राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और हरित आवरण में वृद्धि को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस विशेष आयोजन में विधानसभा के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव (वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग) श्री मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री अरुण पाण्डेय सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।