रूस के कामचटका में 8.8 तीव्रता का भूकंप, 12 से ज्यादा देशों में सुनामी अलर्ट

रूस के पूर्वी प्रायद्वीप कामचटका में बुधवार सुबह भारतीय समयानुसार 4:54 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 8.8 दर्ज की गई, जो दुनिया के अब तक के छठे सबसे बड़े भूकंपों में से एक है। भूकंप का केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई में था।
इस भूकंप के बाद कामचटका में करीब 4 से 5 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें उठीं, जिससे कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने इसे दशकों में सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया है। उन्होंने जानकारी दी कि एक किंडरगार्टन स्कूल को भी नुकसान हुआ है।
जापान के पूर्वी तट पर सुनामी की लहरें पहुंच चुकी हैं, जिसकी ऊंचाई 40 सेंटीमीटर से लेकर 1 फीट तक रही। जापान सरकार ने एहतियातन 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और फुकुशिमा परमाणु रिएक्टर को खाली करा लिया गया है।
अमेरिका के हवाई और अलास्का में भी सुनामी की पहली लहरें टकरा चुकी हैं। हवाई में लहरों की ऊंचाई फिलहाल 4 फीट दर्ज की गई है, लेकिन 10 फीट तक ऊंची लहरों की आशंका जताई जा रही है। हवाई काउंटी के सिविल डिफेंस विभाग ने चेतावनी दी है कि लहरों की ऊंचाई और बढ़ सकती है, और खतरा अभी टला नहीं है।
लॉस एंजिलिस (कैलिफोर्निया) में पुलिस हेलिकॉप्टर से सायरन बजाकर लोगों को समुद्र से दूर रहने और ऊंचे इलाकों में जाने की चेतावनी दे रही है। अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में अमेरिका के पश्चिमी तटवर्ती इलाकों में लहरें पहुंच सकती हैं।
अब तक 12 से अधिक देशों में सुनामी अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें शामिल हैं:
-
रूस (कामचटका और कुरील द्वीप समूह)
-
जापान (पूरा देश)
-
अमेरिका (हवाई, अलास्का, कैलिफोर्निया)
-
कनाडा (ब्रिटिश कोलंबिया)
-
इक्वाडोर (गैलापागोस द्वीप समूह)
-
पेरू, मेक्सिको (तटीय इलाके)
-
न्यूजीलैंड और प्रशांत द्वीप समूह (गुआम, सोलोमन आइलैंड्स, नॉर्दन मरियाना द्वीप)
-
चीन, ताइवान, फिलीपींस, इंडोनेशिया
प्रशांत महासागर के कई हिस्सों में अभी भी खतरा बना हुआ है और अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने, समुद्र से दूर रहने और आपात योजना तैयार रखने की अपील की है।