कोरबा के वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व उपाध्यक्ष बनवारी लाल अग्रवाल का निधन
रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजनीति में गहरी छाप छोड़ने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष बनवारी लाल अग्रवाल का गुरुवार रात निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। रात करीब 10:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
78 वर्षीय बनवारी लाल अग्रवाल छत्तीसगढ़ के कटघोरा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जनसंघ से की थी और बाद में भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में क्षेत्र में मजबूत पकड़ बनाई।
राजनीति में अपने सादगीपूर्ण स्वभाव और विकास कार्यों के लिए वे हमेशा जनता के बीच लोकप्रिय रहे। विधानसभा में उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर जनहित में पहल की।
उनके निधन की खबर से कोरबा सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अग्रवाल जी का जाना प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को कोरबा में किया जाएगा।
