रायपुर: उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 2500 किलोलीटर क्षमता के पानी टंकी निर्माण का किया भूमिपूजन
20.93 करोड़ की लागत से बनने वाली टंकी से 2500 घरों को मिलेगा पानी
चार वार्डों में 2 किमी राइजिंग मेन पाइपलाइन और 25 किमी डिस्ट्रीब्यूशन लाइन भी बिछाई जाएगी
रायपुर, जून 2026: उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने रायपुर के खम्हारडीह में बहुप्रतीक्षित 2500 किलोलीटर क्षमता के पानी टंकी के निर्माण का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से करीब 20 करोड़ 93 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस पानी टंकी से शहर के 2500 घरों को शुद्ध पेयजल मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक श्री सुनील सोनी, श्री पुरंदर मिश्रा तथा रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे भी भूमिपूजन कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुईं।
चार वार्डों की पेयजल व्यवस्था होगी सुदृढ़
इस वृहद जल परियोजना के तहत शहर के चार प्रमुख वार्डों (वार्ड क्रमाकं-9, 10, 30 और 31) में पेयजल आपूर्ति को सुचारू और सुदृढ़ बनाया जाएगा। इसके लिए:
-
25 किलोमीटर लंबी डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
-
2 किलोमीटर लंबी राइजिंग मेन पाइपलाइन का निर्माण होगा।
राजधानी के अनुरूप संवर रहा है रायपुर: डिप्टी सीएम अरुण साव
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार का प्राथमिक दायित्व है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में रायपुर के सभी क्षेत्रों का तेजी से विकास किया जा रहा है। रायपुर को राजधानी के अनुरूप सजाया और संवारा जा रहा है। शहर के चारों विधायक और महापौर जनसुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार सक्रियता से विकास एवं निर्माण कार्य स्वीकृत करवा रहे हैं।
ढाई साल में हुआ रिकॉर्ड विकास: विधायक पुरंदर मिश्रा
विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने खम्हारडीह में नई पानी टंकी के निर्माण का अपना वादा आज पूरा कर दिया है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछला तंत्र जो काम 5 वर्षों में नहीं कर पाया, श्री विष्णु देव साय की सरकार ने उससे कहीं अधिक कार्य अपने ढाई साल के कार्यकाल में कर दिखाया है।
जल समस्या का हुआ स्थायी निदान: महापौर मीनल चौबे
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज का दिन खम्हारडीह में जल समस्या के स्थायी निदान के लिए स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने न केवल राशि स्वीकृत की है, बल्कि यहां के नागरिकों को गरिमापूर्ण जीवन और जलापूर्ति का मजबूत साधन दिया है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस गरिमामय कार्यक्रम में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, रायपुर नगर निगम में जल कार्य विभाग के अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू, जोन-3 अध्यक्ष श्रीमती साधना प्रमोद साहू, एमआईसी सदस्यगण श्री महेन्द्र खोडियार, श्रीमती संजना संतोष हियाल, श्री अवतार भारती बागल, श्री अमर गिदवानी, जोन 5 अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल और श्री रमेश सिंह ठाकुर सहित अनेक पार्षदगण एवं स्थानीय प्रबुद्धजन भारी संख्या में उपस्थित थे।
