रायपुर: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से डॉ. प्रेमासाई महाराज की सौजन्य भेंट, बस्तर के बदलते स्वरूप और धर्म-संस्कृति पर हुई चर्चा
रायपुर, 13 जुलाई 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष माननीय डॉ. रमन सिंह से माँ मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश परम पूज्य डॉ. प्रेमासाई महाराज ने विधानसभा निवास में शिष्टाचार भेंट की। इस सौजन्य मुलाकात के दौरान दोनों विभूतियों के बीच विभिन्न समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
परम पूज्य डॉ. प्रेमासाई महाराज ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में विधानसभा द्वारा पारित किए गए ‘धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम’ जैसे ऐतिहासिक निर्णय की सराहना की। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति, धार्मिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए एक बड़ा कदम बताया। इसके साथ ही महाराज जी ने डॉ. रमन सिंह को आज (13 जुलाई) से शुरू हो रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के कुशल संचालन के लिए अपनी मंगलकामनाएं दीं।
‘भारत निर्माण कॉन्क्लेव-2026’ के सम्मान पर दी बधाई
मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नई दिल्ली में सुदर्शन न्यूज़ द्वारा आयोजित भारत निर्माण कॉन्क्लेव-2026 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के हाथों डॉ. प्रेमासाई महाराज को मिले “सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर” सम्मान के लिए उन्हें बधाई दी। डॉ. रमन सिंह ने समाज में नैतिक चेतना, मानवीय मूल्यों के प्रसार और सेवा कार्यों के लिए महाराज जी के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
बस्तर में लौट रही शांति और समृद्धि: डॉ. प्रेमासाई महाराज
परम पूज्य डॉ. प्रेमासाई महाराज ने अपने हालिया बस्तर प्रवास के जमीनी अनुभव साझा करते हुए कहा कि जो बस्तर कभी नक्सलवाद की चुनौतियों से जूझ रहा था, वह आज विकास, शांति और सुरक्षा की नई पहचान बना रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षाबलों के प्रयासों से वहां बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि बस्तर में आयोजित दिव्य दरबारों और ‘हिन्दू जगाओ भव्य शोभायात्रा’ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ समाज में नई आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही है।
देश के पहले ‘माँ कोत्रावै मंदिर’ की प्राण-प्रतिष्ठा का आमंत्रण
चर्चा के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को भारत के पहले माँ कोत्रावै मंदिर के निर्माण और आगामी प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की जानकारी देते हुए मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। माननीय विधानसभा अध्यक्ष ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के भव्य आयोजन के लिए अपनी अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
