डोंगरगढ़ की पहाड़ियों में कथित बाबा का खुलासा: विदेशी कनेक्शन, एनजीओ, गांजा और संदिग्ध गतिविधियों से घिरा आश्रम
छत्तीसगढ़ की धर्म नगरी डोंगरगढ़ की पहाड़ियों में स्थित एक कथित आश्रम में विदेशी कनेक्शन और आपत्तिजनक गतिविधियों का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आश्रम चलाने वाला पाखंडी बाबा तरुण अग्रवाल उर्फ सोनू (45) पहले पीसीओ चलाता था, फिर गोवा चला गया और दो साल पहले डोंगरगढ़ लौटकर प्रज्ञागिरी पहाड़ी में करीब 6 करोड़ रुपये की जमीन खरीद कर फार्म हाउस बनवा रहा था। हालांकि इसका निर्माण अभी अधूरा है।
पुलिस ने बताया कि फार्म हाउस में छापेमारी के दौरान सेक्स टॉय, वियाग्रा जैसी दवाएं, इंजेक्शन और गांजा बरामद हुआ है। साथ ही, फार्म हाउस से कई संदिग्ध विदेशी पैकेट और विदेशी लड़कियों के साथ वीडियो भी मिले हैं। सोशल मीडिया अकाउंट्स में विदेशी नागरिकों की मौजूदगी वाले कई वीडियो सामने आए हैं।
आरोपी तरुण पर आरोप है कि वह बच्चों को गांजा पिलाता था और फार्म हाउस में गांजा बेचा जाता था। पुलिस ने मौके से गांजा जब्त किया है। इसके अलावा तरुण द्वारा चलाए जा रहे 10 से ज्यादा एनजीओ, बैंक खाते, पासपोर्ट, विदेशी फंडिंग और गोवा से आए संदिग्ध सामानों की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार फार्म हाउस में सुरक्षा के लिए दो विदेशी नस्ल के कुत्ते भी रखे गए थे, जो अक्सर खुले घूमते रहते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुद को 100 देशों में घूम चुका योगगुरु बताया, लेकिन इस दावे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
तरुण अग्रवाल के परिवार की भी पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। उसका परिवार डोंगरगढ़ के प्रतिष्ठित ‘सेठ परिवार’ के रूप में जाना जाता है। फार्म हाउस “सेठ श्री बालकिशन प्रसाद अग्रवाल मेमोरियल फाउंडेशन” के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस अब विदेशी फंडिंग और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहन जांच कर रही है।
