क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, कैंसर से जिंदगी की जंग हार गए
भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता का निधन हो गया। वे लंबे समय से स्टेज-4 कैंसर से पीड़ित थे और ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा था। सोमवार तड़के करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
पिता के निधन की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम यात्रा के दौरान रिंकू सिंह अपने पिता की अर्थी को कंधा देते हुए फूट-फूटकर रो पड़े। इस भावुक दृश्य ने वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं।
रिंकू सिंह अक्सर अपने संघर्ष और पारिवारिक मूल्यों की चर्चा करते रहे हैं। उनके क्रिकेट करियर में परिवार, विशेषकर पिता का अहम योगदान रहा है।
क्रिकेट जगत और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति सहानुभूति जताई है।
