उप मुख्यमंत्री अरुण साव से हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप तिर्की व गोवा खेल मंत्री की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा खेल मंत्री अरुण साव ने आज शासकीय निवास कार्यालय में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की, गोवा के खेल मंत्री डॉ. रमेश तावड़कर से सौजन्य मुलाकात की। वहीं खेल अधिकारियों से भी भेंट हुई।
श्री तिर्की से भेंट के दौरान राज्य में हॉकी खेल के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से महिला हॉकी को बढ़ावा देने, युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने जैसे विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। मंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
खेल मंत्री श्री साव ने गोवा के खेल मंत्री डॉ. रमेश तावड़कर से मुलाकात के दौरान खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के आयोजन सहित विभिन्न खेल गतिविधियों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस अवसर पर खेल विभाग एवं जनजातीय विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य जन भी उपस्थित रहे, जिनसे खेलों के विकास और समन्वय को लेकर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। मंत्री श्री साव ने कहा कि राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय से देश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाई मिलेगी।