मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमतरी को दी 465 करोड़ रुपये के 102 विकास कार्यों की सौगात

अम्बेडकर चौक से रूद्री चौक तक फोरलेन सड़क, गौरवपथ और पेयजल इंटेकवेल निर्माण की बड़ी घोषणाएं

सुशासन तिहार बना जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और संवेदनशील प्रशासन का प्रभावी माध्यम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर/धमतरी, 17 मई 2026।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज धमतरी जिले में आयोजित “सुशासन तिहार” कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को लगभग 465 करोड़ रुपये लागत के 102 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 423 करोड़ 52 लाख 56 हजार रुपये लागत के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 41 करोड़ 50 लाख 48 हजार रुपये से अधिक लागत के 50 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

इन विकास परियोजनाओं के माध्यम से जिले में सड़क, पेयजल, नगरीय अधोसंरचना और जनसुविधाओं का विस्तार होगा तथा आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सुशासन तिहार से गांव-गांव तक पहुंच रहा समाधान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन की कार्यसंस्कृति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 1 मई से 10 जून तक आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत गांव-गांव में क्लस्टर आधारित शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया गया है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

किसानों और महिलाओं के लिए सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक पारदर्शिता और डिजिटल गवर्नेंस को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख करते हुए नागरिकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

बस्तर में चल रहे विशेष अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग में सुशासन तिहार के साथ-साथ “बस्तर मुन्ने” और “नियद नेल्लानार 2.0” अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं तथा जरूरतमंदों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

धमतरी को मिली कई बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम के दौरान धमतरी जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रूप से —

  • अम्बेडकर चौक से रूद्री चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण
  • धमतरी में पेयजल हेतु इंटेकवेल निर्माण
  • रानी दुर्गावती चौक से बिलाईमाता मंदिर तक गौरवपथ निर्माण
  • कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरूद भवन हेतु डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति
  • पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के लिए राशि स्वीकृत

शामिल हैं।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को चाबी सौंपकर लाभान्वित किया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर “ड्रीम कॉरिडोर” वीडियो और “मां अभियान” की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन धमतरी एवं लर्निंग जॉय बेंगलुरु के बीच एमओयू भी संपन्न हुआ।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सांसद महासमुंद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरूद श्री अजय चंद्राकर, विधायक धमतरी श्री ओंकार साहू, महापौर श्री रामू रोहरा, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू निषाद, रायपुर संभाग के कमिश्नर श्री श्याम धावड़े, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे।