रायपुर : मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और समाज सेविका मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर किया नमन
रायपुर, 11 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और प्रसिद्ध समाज सेविका स्वर्गीय मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मिनीमाता जी का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, दलितोत्थान और सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए समर्पित रहा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में कहा कि मिनीमाता जी ने कुरीतियों के खिलाफ समाज से लेकर संसद तक एक सशक्त आवाज उठाई। उन्होंने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों का खुलकर विरोध किया तथा नारी शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि समाज सुधार और महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में दिए गए उनके उत्कृष्ट योगदान को अक्षुण्ण रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा ‘मिनीमाता राज्य अलंकरण पुरस्कार’ भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी का सेवाभावी, त्यागी और संघर्षशील व्यक्तित्व हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
