मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जापान प्रवास………

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की आगामी यात्रा और वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ की सहभागिता पर दिया बयान
रायपुर/टोक्यो। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान भारत-जापान संबंधों और ओसाका में आयोजित होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 पर महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि हमारे देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी बहुत जल्द जापान की यात्रा पर आने वाले हैं। भारत और जापान की मित्रता ऐतिहासिक, गहरी और बहुआयामी है। प्रधानमंत्री जी की इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंध और भी प्रगाढ़ होंगे और हमारे देश को अनेक लाभ प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह दौरा भारत और जापान के बीच तकनीकी, औद्योगिक और सांस्कृतिक सहयोग को नए आयाम देगा। इससे दोनों देशों की जनता को प्रत्यक्ष लाभ होगा और साझा समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।
ओसाका वर्ल्ड एक्सपो 2025 के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने बताया कि “कल हमने छत्तीसगढ़ को समर्पित सप्ताह का शुभारंभ किया है। यह अवसर न केवल भारत, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और प्रगति को विश्व पटल पर प्रस्तुत करने का बड़ा माध्यम है। छत्तीसगढ़ का यह सप्ताह प्रदेश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।”
उन्होंने कहा कि इस आयोजन से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और औद्योगिक प्रगति को वैश्विक पहचान मिलेगी। इसके साथ ही राज्य में निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि उनका यह जापान प्रवास और ओसाका एक्सपो में छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी प्रदेश और पूरे देश दोनों के लिए सकारात्मक और ऐतिहासिक परिणाम लेकर आएगी।