छत्तीसगढ़ में बस्तर से सरगुजा तक मजबूत होगा रेल नेटवर्क: CM विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की बड़ी चर्चा

रायपुर (UPI24 News)। छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार और लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में रेलवे नेटवर्क का विस्तार केवल यातायात सुविधा ही नहीं, बल्कि राज्य के औद्योगिक विकास, पर्यटन, कृषि और जनजातीय अंचलों के संतुलित विकास का मुख्य आधार है।

बैठक के मुख्य बिंदु एवं परियोजनाएं:

  • कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन (295 किमी): यह महत्वाकांक्षी रेल लाइन करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ से होकर गुजरेगी। रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) के तहत SPV बनाकर इसे पूरा किया जाएगा।

  • रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन (140 किमी): भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही बस्तर अंचल को मजबूत कनेक्टिविटी देने निर्माण कार्य शुरू होगा।

  • 3 नई रेल परियोजनाओं की स्वीकृति की मांग: सीएम साय ने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) और अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) रेल लाइन को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया। रेल मंत्री ने इस पर सकारात्मक आश्वासन दिया।

  • सर्वे कार्य में तेजी: किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) और गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (490 किमी) रेल लाइनों के सर्वे कार्य को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से बस्तर से सरगुजा तक छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क का नया अध्याय लिखा जा रहा है, जिससे ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण को नई रफ्तार मिलेगी।