छत्तीसगढ़: नारायणपुर स्कूल में बच्चों को टॉयलेट में रहने को मजबूर……

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के ओरछा छोटेडोंगर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में बच्चों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल में कमरों की भारी कमी के कारण बच्चों को शौचालय में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। बच्चों ने टॉयलेट सीटों पर कपड़ा डालकर वहां टेबल और बेड लगाकर उसे अपना ठिकाना बना लिया है।

आम आदमी पार्टी ने इस मामले को उजागर करते हुए आरोप लगाया कि विद्यालय में बालिकाओं के स्नान करने के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे प्राचार्य की नीयत पर सवाल उठ रहे हैं। पार्टी का कहना है कि पूरा सिस्टम निजी स्वार्थ के लिए कब्जे में लिया गया है।

इसके अलावा, बालिका छात्रावास में शौचालय की गंभीर समस्या है, जहां पानी की आपूर्ति तक नहीं है। छात्राओं को बाहर जाकर नहाना पड़ता है, और शौच के लिए सुबह जल्दी बाहर जाना पड़ता है। वार्डन ने अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्याओं की जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।