छत्तीसगढ़ : दुर्गा विसर्जन के दौरान हादसा , नदी में बहा कर्मचारी…

जांजगीर-चांपा, 6 अक्टूबर 2022 : छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में दुर्गा विसर्जन के दौरान नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक जिले के प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (पीआईएल) कर्मचारी था। यह मामला जांजगीर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को हसदेव नदी में इंडस्ट्रीज के कर्मचारी दुर्गा मां की प्रतिमा के विसर्जन के लिए गए थे, तभी इलेक्ट्रॉनिक विभाग में पदस्थ संजय बोंदरे (40 वर्ष) का पैर फिसल गया और वो नदी में डूबने लगा। बाकी कर्मचारियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वे उस तक नहीं पहुंच सके।
इस बीच संजय बोंदरे पानी की गहराई में चला गया और उसकी डूबकर मौत हो गई। पीआईएल के कर्मचारियों ने तुरंत घटना की सूचना जांजगीर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को नदी में उतारा। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को ढूंढकर निकाला जा सका।
फिलहाल मृत कर्मचारी के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। उनके जांजगीर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।