विदेशी मुद्रा के नाम पर 19 लाख की ठगी, पश्चिम बंगाल का अंतर्राज्यीय आरोपी रायपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा
रायपुर। विदेशी मुद्रा के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने टूर एंड ट्रैवल्स व्यवसायी को अपने झांसे में लेकर करीब 19 लाख 47 हजार रुपये की विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.50 लाख रुपये नकद और एक आईफोन जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती (38 वर्ष) पश्चिम बंगाल के हावड़ा का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पहले भी मुंबई के बांद्रा थाना में ठगी का मामला दर्ज है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
मामला थाना तेलीबांधा क्षेत्र का है। गुरुनानक नगर निवासी हरदीप सिंह होरा, जो ट्रैवल प्लानर नाम से टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार 1 मार्च 2026 को उन्हें व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताते हुए अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग कराने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने बैंक डिटेल मांगी और अगले दिन भुगतान करने का भरोसा दिया।
को-वर्किंग स्पेस में बुलाकर की ठगी
2 मार्च को आरोपी ने प्रार्थी को करेन्सी टॉवर, तेलीबांधा स्थित एक को-वर्किंग स्पेस में बुलाया और कहा कि वह 18,000 यूएस डॉलर और 2,000 जीबीपी लेकर आए। वहां भारतीय मुद्रा देकर विदेशी मुद्रा ले ली जाएगी।
दोपहर करीब 2:40 बजे जब प्रार्थी वहां पहुंचे तो आरोपी का साथी नोट गिनने की मशीन लाने का बहाना बनाकर बाहर चला गया। इसी दौरान दूसरा आरोपी फोन पर बातों में उलझाकर करीब 19.47 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया।
हावड़ा से दबोचा गया आरोपी
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला और उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल नंबरों की जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के हावड़ा में मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया।
नकदी और आईफोन बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 लाख 50 हजार रुपये नकद और घटना से जुड़ा एक आईफोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
