रायपुर में अफेयर के चक्कर में बवाल: अफसर पत्नी के सामने पति की पिटाई, दूसरी ओर युवक पर चाकू से हमला

रायपुर | 30 जून 2025
राजधानी रायपुर में दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। एक मामले में अफसर पत्नी के सामने उसके पति की दो युवतियों ने जमकर पिटाई कर दी, तो वहीं दूसरे मामले में चाकू से हुए हमले में युवक की आंत तक बाहर आ गई।

पहला मामला: पत्नी के सामने पति की पिटाई, अफेयर बना वजह

घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है। सरकारी अफसर सोनी कुमारी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 29 जून की रात करीब 1:30 बजे रेशमा किरण और पिंकी सिंह राजपूत नामक दो लड़कियां नशे की हालत में उनके घर में घुसीं और उनके पति राजेश कुमार सिंह को खोजने लगीं। कुछ देर बाद दोनों लौट गईं।

सुबह करीब 5:30 बजे राजेश जब घर लौटा तो उसके सिर से खून बह रहा था। उसके पीछे-पीछे दोनों लड़कियां भी घर पहुंच गईं और उसकी फिर से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना की शिकायत पर पुलिस ने लड़कियों के खिलाफ दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। सोनी के मुताबिक, लड़कियों ने घर में तोड़फोड़ भी की जिससे करीब ₹50,000 का नुकसान हुआ।

लड़कियों का आरोप: राजेश ने की थी मारपीट

दूसरी ओर, रेशमा किरण ने भी विधानसभा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने कहा कि वह राजेश को तीन साल से जानती है और दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। उसे यह भी पता था कि राजेश शादीशुदा है, लेकिन हाल ही में उसे राजेश और पिंकी के रिश्ते का भी पता चला।

रेशमा का आरोप है कि 29 जून की सुबह राजेश ने रेशमा और पिंकी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस बयान के आधार पर भी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


दूसरा मामला: युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

मौदहापारा थाना क्षेत्र में 28 जून को चाकूबाजी की घटना सामने आई। पीड़ित युवक अहसान पर हमला तब हुआ जब वह अपने दोस्तों के साथ मोबाइल की दुकान से लौट रहा था। रजबंधा मैदान के पास अभय रक्सेल, अंकुश रात्रे और अन्य युवकों ने पहले गाली-गलौज की, और मना करने पर अहसान को पकड़ लिया। इसके बाद अभय ने चाकू से उसके पेट पर वार कर दिया, जिससे उसकी आंत बाहर आ गई

अहसान के जीजा सद्दाम हुसैन ने पुलिस को बताया कि हमला जानलेवा था और आरोपी पहले से ही मारपीट की नीयत से बैठे थे। मौदहापारा पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। पहला मामला प्रेम प्रसंग के उलझे रिश्तों को लेकर सामने आया है, वहीं दूसरा मामला गैंग प्रवृत्ति और पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है।

You may have missed