जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने ग्रहण किया पदभार

रायपुर। पंजीयक सहकारी संस्थाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर में निरंजन सिन्हा को अध्यक्ष एवं अभिनेष कश्यप को उपाध्यक्ष के पद पर नामांकित किया गया है।
दोनों पदाधिकारियों ने आज 22 दिसंबर 2025 को बैंक परिसर में विधिवत रूप से अपने-अपने पदों का कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण के उपरांत अध्यक्ष निरंजन सिन्हा एवं उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप द्वारा बैंक प्रांगण में स्थित बैंक के संस्थापक पंडित वामन बलीराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके पश्चात बैंक के सभा भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, मल्दी समिति के पूर्व अध्यक्ष भोलाराम वर्मा, अड़सेना समिति के पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा, धरसीवा समिति के पूर्व अध्यक्ष हेमंत चन्द्रवंशी, भाजपा ग्रामीण के पूर्व उपाध्यक्ष धरसीवा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बैंक की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपेक्षा व्यास, वर्ग-1 अधिकारी एस.पी. चन्द्राकर, नोडल अधिकारी डी.के. व्यास, पूर्व अतिरिक्त प्रबंधक डी.आर. गरड़, अधीक्षक आई.के. ठाकुर, शाखा प्रबंधक युवराज दुबे, लाखे परिवार से आशीष लाखे, शाखा प्रबंधक विधान तिवारी, सहायक लेखापाल राजेन्द्र चन्द्रवंशी, कर्मचारी संघ अध्यक्ष मोहनलाल साहू, रविन्द्र शर्मा सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
अपने संबोधन में अध्यक्ष निरंजन सिन्हा एवं उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप ने बैंक को किसानों, सहकारी समितियों एवं आम जनता के हित में और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं जन–उपयोगी बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।