रायपुर , 3 सितंबर 2022 : छत्तीसगढ़ में बीते दिनों से बारिश नहीं हो रही इससे लोगों को उमस से काफी परेशानी हो रही है। राजधानी में आज शुक्रवार सुबह से ही प्रदेशभर में मौसम सामान्य रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे सितंबर में सर्वाधिक है।
मौसम विभाग का कहना है कि अब मजबूत मानसूनी सिस्टम भी नहीं बन रहा है। इस माह के आखिर तक दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई संभावित है।
तेज धूप निकलने से पारा और चढ़ गया, जिससे उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था।
प्रदेशभर में कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।