CG NEWS : नीति आयोग के सदस्य जवाहर सुरीसेट्टी ने बताए सफलता के फार्मूले…
रायपुर, 28 जून 2022 : स्मार्ट सिटी मिशन की 7वीं वर्षगांठ पर रायपुर स्मार्ट सिटी लिमि. ने स्वामी आत्मानंद योजनांतर्गत संचालित आर.डी. तिवारी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए “कैरियर मंत्र” वर्कशॉप आयोजित किया। नीति आयोग भारत सरकार के परामर्शदात्री सदस्य जवाहर सुरीसेट्टी, भाषाविद् विद्यापति शुक्ला ने विद्यार्थियों को उनके कैरियर के चयन निर्धारण व लक्ष्य को प्राप्त करने उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षाविद् जवाहर सुरीसेट्टी ने अभावों के बीच शिक्षा के बल पर अपने कैरियर को तराशने के आत्मसंस्मरण से सभी को प्रोत्साहित किया। इस आयोजन में स्कूली बच्चों ने अध्ययन में ध्यान केंद्रित करने, कैरियर चयन एवं अवसाद की स्थिति से बाहर निकलने के संबंध में अपनी जिज्ञासा प्रकट की। शिक्षाविदों ने गंभीरता पूर्वक उनकी बातों को सुनकर उनके प्रश्नों का निराकरण किया।

रायपुर स्मार्ट सिटी लिमि. के महाप्रबंधक जनसंपर्क आशीष मिश्रा ने बच्चों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर “स्वॉट“ एनालिसिस के जरिए अपनी दक्षता बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत कर लक्ष्य हासिल करने एवं रायपुर को गौरवान्वित करने अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
