CG Holiday News: छत्तीसगढ़ में बकरीद अवकाश को लेकर संशय खत्म! 28 मई को छुट्टी की तैयारी

रायपुर।

बकरीद (ईद-उल-अजहा) की छुट्टी को लेकर छत्तीसगढ़ में चल रहा संशय अब लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। राज्य सरकार जल्द ही अवकाश संबंधी संशोधित आदेश जारी कर सकती है। माना जा रहा है कि प्रदेश में अब 27 मई की जगह 28 मई 2026 को बकरीद का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा।

दरअसल, चांद दिखने की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण इस बार देशभर में बकरीद की तारीख को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। शुरुआती कैलेंडर और सरकारी सूची में 27 मई को बकरीद का अवकाश दर्ज था, लेकिन बाद में चांद न दिखने के कारण त्योहार की संभावित तारीख 28 मई मानी जाने लगी।

केंद्र सरकार पहले ही अपने कार्यालयों के लिए 28 मई को बकरीद अवकाश घोषित कर चुकी है। इसके बाद कई राज्यों ने भी अपने छुट्टी आदेश में संशोधन शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों ने भी 27 मई की जगह 28 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ में भी सरकारी कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेजों और बैंकों से जुड़े लोगों की नजरें सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश पर टिकी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार आज शाम तक संशोधित आदेश जारी कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो प्रदेश में 28 मई को सरकारी दफ्तर, शैक्षणिक संस्थान और अधिकांश बैंक बंद रहेंगे।

गौरतलब है कि राज्य के वार्षिक अवकाश कैलेंडर में पहले 27 मई को बकरीद अवकाश दर्ज किया गया था।

देश के कई हिस्सों में बकरीद की तारीख चांद दिखने के आधार पर 28 मई तय मानी जा रही है, जिसके बाद अलग-अलग राज्यों में छुट्टी तिथि बदली जा रही है।