रायपुर में सीसीपीएल सीजन-2 की धूम, शाल्मली के गानों पर झूमे दर्शक, सुपर ओवर में बिलासपुर की जीत

छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के दूसरे सीजन का भव्य आगाज हो चुका है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस क्रिकेट महोत्सव की शुरुआत बॉलीवुड सिंगर शाल्मली खोलगड़े के धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ हुई। उन्होंने “बलम पिचकारी”, “झूमे जो पठान”, “हल्ला मचाए रे” जैसे सुपरहिट गानों पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

उद्घाटन सत्र में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, खेल मंत्री टंकराम वर्मा सहित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, विधायक गुरु खुशवंत साहेब और सीएससीएस के निदेशक बलदेव सिंह भाटिया, विजय शाह, जुबीन शाह, प्रभतेज सिंह भाटिया और मुकुल तिवारी भी मौजूद रहे।

6 जून से 15 जून तक चलने वाली यह क्रिकेट लीग हर दिन दो मुकाबलों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेगी — पहला मैच दोपहर 3 से 4 बजे और दूसरा रात 7 से 8 बजे के बीच होगा। खास बात यह है कि स्टेडियम में दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।

प्रतियोगिता का पहला मैच रायपुर रायनोस और बिलासपुर बुल्स के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक सुपर ओवर में बिलासपुर बुल्स ने जीत हासिल की। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर चुके शशांक सिंह इस टीम के कप्तान हैं।