दिल्ली में जेपी नड्डा के साथ साय कैबिनेट विस्तार पर मंथन, नए और पुराने चेहरों पर होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम, और प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक में शामिल होने गए हैं। इस अहम बैठक में जेपी नड्डा और संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संभावित नए मंत्रियों और मौजूदा कैबिनेट के प्रदर्शन की समीक्षा होगी। छत्तीसगढ़ में अभी दो नए कैबिनेट मंत्री बनाए जा सकते हैं, जिसके लिए दावेदारों की लंबी सूची है। प्रमुख नामों में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, और राजेश मूणत शामिल हैं।

जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए एक नया और एक अनुभवी चेहरा मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं, कमजोर प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों की कुर्सी पर भी खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि सरकार ने उनका परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है। गृहमंत्री अमित शाह के हालिया दौरे में हुई बंद कमरे की चर्चा और पंचायत-निकाय चुनावों में देरी ने मंत्रिमंडल विस्तार को अब संगठन की प्राथमिकता बना दिया है। प्रदेश में राजनीतिक हलचल के बीच यह बैठक छत्तीसगढ़ की सियासत में बड़े बदलाव का संकेत दे सकती है।