चंडीगढ़ के ताज होटल में मिला रायपुर के कारोबारी का शव

रायपुर के कारोबारी दीपक कुमार मित्तल (56) का शव चंडीगढ़ के ताज होटल में मिला है। वह मार्कफेड की बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ गए थे। बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर थाना-17 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे होटल का एक वेटर कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर दीपक मित्तल बिस्तर पर बेसुध पड़े थे। वेटर ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल प्रबंधन को सूचना दी गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस शुरुआती जांच में नशे की ओवरडोज की आशंका भी जता रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर थे दीपक

दीपक कुमार मित्तल रायपुर स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर थे। कंपनी उसना और कच्चे चावल, बासमती चावल, फोर्टिफाइड राइस (FRK), दाल सहित चावल से बने विभिन्न उत्पादों के कारोबार से जुड़ी है। कंपनी के निदेशकों में दीपक कुमार मित्तल के अलावा हिमांशु मित्तल और बिजेता देवी मित्तल शामिल हैं।

मई 1997 में स्थापित कंपनी का पंजीकृत कार्यालय रायपुर के रामसागरपारा स्थित आदिश्वर कॉम्प्लेक्स में है, जबकि इसकी फैक्ट्री आमासिवनी में स्थित है। दीपक शहर के प्रतिष्ठित कारोबारियों में गिने जाते थे। परिजनों को बुधवार सुबह करीब 11 बजे उनके निधन की सूचना मिली।